मेरे पसंदीदा मौसम की आहट हो रही है

मैं इंतज़ार में हूँ

सुबह की हवा में घुली धुंध की खुशबू

अदरक, इलायची वाली चाय और घी से तर मेथी के परांठों का रसास्वादन

अकड़ी हुई देह को सहलाती गुनगुनी धूप

भीतर तक भेदती हवा से बचाव और फैशन के बीच तालमेल बैठाने की कवायद

चेहरे और हाथों को ताप देती अलाव की गरमाहट

और

वो रात को नरम रज़ाई ओढ़े हुए बाहर की ठंडक और भीतर की गर्मी का जायज़ा लेते.. अठखेली करते पाँव!