प्रेम जो 

कॉलेज कैंटीन की चाय और रेस्ट्रां की कॉफी में घुलता था, 

अब चूल्हे की राख में बुझ गया है. 

प्यार जो 

मेरी ब्रेसलेट के मोती,डार्क नेलपॉलिश और रेड लिपस्टिक से सजता था, 

अब इन भारी जेवरों के बोझ तले दब गया है.

मोहब्बत जो 

बाईक के पीछे उसके कंधे पर रखे मेरे हाथ में सिमटती थी, 

अब अपने कंधे पर आयी जिम्मेदारी से दम तोड़ रही है.

दीवानगी जो 

उधार ली गाड़ी की लान्ग ड्राईव के दौरान बजते गीतों में थी,

अब बच्चों के हंसने-रोने के शोर में मौन हो गयी है. 

खुमारी जो 

उसके लिये लेटर लिखने में महसूस होती थी, 

अब राशन की पर्ची के हिसाब में खो गयी है. 

इश्क जो 

साथ चलते हुए टकराई उंगलियों में मचलता था, पेड़ के नीचे उफनते अरमानों में दहकता था,

अब बिस्तर पर बोरियत से भरकर ऊँघ रहा है.


बस दिल में ख्याल और जेहन में एक सवाल है, 

क्या प्यार परिस्थितियों का मोहताज है?