कैसे होते हैं दोस्त ?
मेरी नज़र में होते है स्कूल की रफ़ कॉपी के माफ़िक.
जैसे रफ़ कॉपी में:
-कुछ भी सजा-सजाकर नहीं लिखना पड़ता,
-हिन्दी, अंग्रेजी, गणित हो या विज्ञान
हर विषय को साथ में ही लिख सकते हैं,
-टीचर के लंबे लेक्चर से ऊबकर करते हैं ढन्ग-बेढन्ग से चित्रकारी
-कभी-कभी आँखो में तैरते भविष्य के सपने भी संजो देते है
- बयाँ कर देते हैं जवां मन के कई जज़्बात भी
ऐसे ही तो होते है दोस्त जिनके साथ:
-भाषा और पहनावे की कोई औपचारिकताएं नहीं करनी पड़ती,
-अपनी पसंद-नापसंद, वैचारिक -भावनात्मक द्वंद्व, उल्लास, अवसाद, रोमांच किसी भी विषय पर विमर्श कर सकते हैं,
- जीवन की नीरसता को तोड़ने के नए तरीके तलाश सकते हैं, (कभी -कभी तो अपनी बेसुरी आवाज़ में गाना गाकर भी )
-ख्वाहिशो को पूरा करने का हौसला जुटा सकते हैं
-साझा कर सकते हैं वो बातें जो किसी और से नहीं कहते हम.
