तूने वार दी सारी दौलत मुझ पर, इक राजकुमारी सी ज़िंदगी दी।
आज जब ज़िन्दगी लेती है हर चीज़ का हिसाब, तुम बहुत याद आती हो मां।
क्या मज़ेदार खाना बनाती हो, लोग अक्सर मुझे कह जाते हैैं। वो जो रेसिपी यूट्यूब की समझते हैं, दरअसल तुम फोन पर मुझे समझाती हो, तुम बहुत याद आती हो मां।
ये साड़ी ज़रा ओल्ड फ़ैशन है, मुझ पर ये नहीं जचेगी।
और उसी साड़ी के लिए जब हज़ारों तारीफें पाती हूं, तुम बहुत याद आती हो मां।
घर ही तो सम्हालना है, इसमें क्या रॉकेट साइंस है।
आज जब खुद की गृहस्थी चलाती हूं, तुम बहुत याद आती हो मां।
बिना कमाए, पैसे जोड़ जोड़ के जो मेरे लिए गहने बनवाती थी। आज जब उनकी कीमत समझ आती है, तुम बहुत याद आती हो मां।
वो रोटी जो जल जाती थी, वो तुम्हारी प्लेट में ही क्यूं आती थी। आज जब वो रोटी अपने लिए बचाती हूं, तुम बहुत याद आती हो मां।
तुम बहुत याद आती हो मां।
तुम बेहद याद आती हो मां।


