बचपन में अठखेलियां कर रही थी,

खुशी से रह रही थी, मस्ती में जी रही थी !!

धीरे - धीरे किशोर हो चली थी,

पर अब भी इतनी समझ नहीं थी !!

वो रात, उस रात को कैसे भूल पाऊं

नींद खुली अचानक से,

बिस्तर को खून से गीला पाया !!

गर कोई चोट लगी तो दर्द क्यों नहीं हुआ,

नहीं तो ये खून का निशान कहां से आया,

ये अचानक क्या हो चला था,

मुझे कुछ भी समझ ना आया !!

सहमी सी रह गई मैं,

मां को आवाज़ लगाई !!

मां बोली क्यों चीखी इतनी रात को,

मैंने हौले से रजाई हटाई !!

जांघों पर लगा खून, बिस्तर पर धब्बे देख

मां का जी हौले से मुस्कुरा लिया !!

मैं कुछ समझ पाती इस से पहले

मां ने मुझे गले लगा लिया !!

कपड़े बदलवा कर मेरे

मेरे दर्द को समझने लगी मां !!

मेरे लड़की होने की निशानी है

यह मुझे समझाने लगी मां !!

अपनी गोदी में लेटा कर

माथा चूम कर मेरा,

हौले से सिर में हाथ घुमा कर बोली मां

"खुदा का वरदान है ये लाल रंग,

लड़की होने का प्रमाण है ये लाल रंग,

ये रंग है तो ही यह दुनिया है,

जीवन का आधार है यह लाल रंग" !!