बहनों को देनी यदि खुशियाँ, करने होंगे कुछ काम हमें।
जब तक न सुनिश्चित यह कर लें, आये न तनिक आराम हमें।
बहनों के सँग पावन रिश्ता, हम नाज़ सदा इस पर करते।
रक्खेंगे लाज हमेशा हम, बस इसी बात का दम भरते।
अनमोल बड़ा है यह बंधन, संबल देता हर याम हमें।1
*बहनों को देनी यदि.....*
राखी के दो कोमल धागे, विश्वास नया इक पनपाता।
बचपन से था जो बसा हृदय, वह नेह नया फिर उपजाता।
उस नेग प्रेम के बदले में, देती बहना ईनाम हमें।2
*बहनों को देनी यदि.....*
कुछ ऐसा बदला समय आज, अब नहीं सुरक्षित बहन रहीं।
शासन अब इतना पंगु हुआ, वह बचा सके अब लाज नहीं।
अब लाज बचाने बहनों की, बनना होगा घनशयाम हमें।3
*बहनों को देनी यदि.....*
करने होंगे भरपूर जतन, बदले सबके व्यवहार यहां।
घर बार सुरक्षित नहीं अगर, तो होगा बेड़ा पार कहां।
पनपायें नैतिक सोच आज, तब सही मिले परिणाम हमें।4
*बहनों को देनी यदि.....*
*जब ढाल समान खड़े हम हों, वह समझेंगी घनश्याम हमें।*
*बहनों को देनी यदि खुशियाँ, करना कुछ ऐसे काम हमें।*