ज़मीर की मरम्मत
क्या हो तुम, इस बात का एहसास है के नहीं?
अपनी शख्सियत के होने का, जज़्बात है के नहीं?
तुम किसी महँगी गली के सुनहरे महल तो नहीं?
जो सालों तक ज़मीन पर टिका तो रहेगा,
पर ना तो उसमें अपनों की आवाज़ गूंजेगी
और ना ही करेगा कोई किसी अपने या पराये को याद,
बस, सुनाई देगी दौलत की खनखनाहट और होगी
सूनेपन की बौछार हर दिन हर रात।
क्या हासिल किया है तुमने इस ज़िन्दगी में?
इंसानीयत के शहर को दूर से ही सलाम करते रहे,
तेरी आँखें न भरीं औरों के दर्द में कभी,
ना ही तुझे खुशी मिली हँसी में किसी की,
शराफ़त की बस्ती में कुछ दिन में ही दिल ऊब गया
फिर चल दिये बेशर्मी की पोशाक पहने
ख़ुदग़र्ज़ी की नगरी में चुपचाप एक रात!
झोली भरी है फिर भी ईश्वर से माँगना तेरी फ़ितरत हो गयी है
कभी माँगे न मिले तो औरों से छीनने की आदत हो गयी है,
तेरी भरी जेब से कुछ छलक भी जाये तो बाँटता तू नहीं
औरों को भी कुछ हासिल हो जाये तो मुस्कुराता क्यों नहीं?
तू इंसान ही है दिल और दिमाग सही सलामत हैं तेरे
बस तेरे बिगड़े हुए ज़मीर को मरम्मत चाहिए !
©️ प्रवीण कोटला
From: Musafir,Praveen Kotla 1st Edition, Nov 2020

