बातें तो होती हैं, मगर वो बात नहीं
तक़ल्लुफ़ बाकी है महज़, ताल्लुक़ात नहीं
हो चला है वो भी कोई फ़रिश्ते की तरह
कि तसव्वुर ही होता है, मुलाक़ात नहीं
जबावों की फ़िक्र में मुनासिब नहीं तग़ाफ़ुल
मेरी जानिब से तुझसे कोई सवालात नहीं
कोई नामाबर ही तेरा पैग़ाम लेके आये
छींटें ही हों मयस्सर, गर जो बरसात नहीं
हैं हिचकियाँ नदारद जो थीं कभी मुसल्सल
तेरे ख़्वाबों में भी क्या मेरे ख़यालात नहीं?
दरवाजे पे हो दस्तक़ तो कोई और ही समझना
मैं तुझसे मिलने आऊं, अभी ऐसे हालात नहीं
नहीं है 'मुन्तज़िर' कोई जो तेरी राह तकता हो
ये शहर ज़ुबान समझता है मगर जज़्बात नहीं