तू ही तो मेरी पहचान है


तुझ ही से मेरी प्रार्थना, तुझ ही से मेरी अज़ान है,

तू मेरा कर्मक्षेत्र, तू ही तो मेरी पहचान है।

तुझसे ही तो जीवन में सारे अमूल्य भाव हैं,

तू है, तो जीवन संवेदनापूर्ण और भावनाप्रधान है!


तू मेरी तोतली ज़बान से निकला पहला अक्षर,

तू मेरे सपनों की बोली, तू मेरी मां की लोरी,

तू मेरे कच्चे मस्तिष्क की श्रद्धा का निकुंभ है,

तुझ में ही समाया संपूर्ण ज्ञानकुंभ है!


हिन्दी, तुझ ही से मेरी प्रार्थना तुझ ही से मेरी अज़ान है,

तू मेरा कर्मक्षेत्र, तू ही तो मेरी पहचान है।


तू मेरी लेखनी , तू मेरा काव्य है,

तू ही तो मेरा मनन , पठन और श्राव्य है,

तुझसे ही तो जीवन में मोह और विरक्ति है।

तू है तो जीवन में, हर भाव की अभिव्यक्ति है।


हिन्दी, तुझ ही से मेरी प्रार्थना, तुझ ही से मेरी अज़ान है,

तू मेरा कर्मक्षेत्र, तू ही तो मेरी पहचान है।





तू है एक चमकता सितारा, भाषाओं के आकाश में,

छटा इंद्रधनुषी बिखरती है, तेरे मृदुल प्रकाश में।

तुझ से ही तो जग को मिलता ज्ञान ज्योति भंडार है।

तू है तो सकल विश्व साहित्य के, मानस पटल का विस्तार है।


हिन्दी, तुझ ही से मेरी प्रार्थना, तुझ ही से मेरी अज़ान है,

तू मेरा कर्मक्षेत्र, तू ही तो मेरी पहचान है।


हिन्दी तो समाई रहती सदा, माँ की तरह, अपनी हर संतान में

कहाँ वो पृथक रह सकती है?अनेक भाषाओं की खींचतान में।

माँ हिंदी बसती, रोम रोम में ऐसे मेरे,

जैसे बसती अलौकिक दिव्यता धरती आसमान में।


मातृभाषा हिन्दी,

तू नस नस में बसी , मेरी अंतरात्मा की ज़बान है

तुझ ही से मेरी प्रार्थना, तुझ ही से मेरी अज़ान है,

तू मेरा कर्मक्षेत्र, तू ही तो मेरी पहचान है


प्रतिमा सिंह ✍️