परदेसियों का देशप्रेम:



नाजुक दिल की आवाज़ है, जो न कह सकी, वो बात है ये।

कर्मभूमि के प्रति कृतज्ञता का प्रेम भरा एहसास है ये।

वतन को याद कर दर्द की लहरें दिल को छू जाती हैं जो...

मातृभूमि और कर्मभूमि से लगाव की कसमसाहट है ये।



नमन है मां पर जान लुटाते उन शूरवीरों का

स्वतंत्रता की खातिर, जिन्होंने अपना सब कुछ लुटाया।

देश की मिट्टी को तिलक बना, अपने माथे पर सजाया।

कर्ज है हम पर उनका, हां, कर्ज है हम पर उनका...

क्योंकि हमारी सांसों और हमारे अस्तित्व को सदा उन्होंने ही बचाया।


कृतज्ञता भरा दिल लिए, हम परदेसियों के कदम जब वतन से दूर बढ़ते हैं

देश से दूर हों भले हम, देश को दिल में लिए चलते हैं

घने अंधेरों में भी हम दमकती रोशनी की चाह रखते हैं

दिल में सदा देश प्रेम की मशाल को धगधगाये रखते हैं।


नया देश, नई भाषा, नए नए लोग मिलते हैं,

पर अपनी जड़ों की खींच, हरदम साथ लिए चलते हैं।

यहां की रंगीनियों में भी, वो सादा सा मां भारती का चेहरा,

है हमारे सपनों के हर रंग में, उसकी अनमोल उपस्थिति का पहरा ।


वतन से बिछड़कर भी, वतन का दिल में गर्व रखते हैं,

हम हर हाल में, अपने देश के मान का मर्म रखते हैं।

परदेसियों का देशप्रेम थोड़ा अलग जज़्बात रखता है,

अपने देश को सदा याद कर, अपनी भाषा संस्कृति परंपरा और गौरव का चहूं ओर फैलाव करता है।


परदेस में भी, हम सब दिल से वतन के गीत गाते हैं,

अपने देश के रंग में रंगे, हम हर तीज त्योहार मनाते हैं।


हमने अपने देश से दूर रह, जो भी मौका पाया है

अपने कर्म से सदा अपने देश का मान बढ़ाया है

स्वतंत्रता दिवस का ये पावन पर्व जब भी आया है,

ना भूलें हम, शहीदों की कुर्बानी का, हमपर, उनका ये अमर साया है


आज गूंज उठे हैं नारे, आजादी के तराने,

देशभक्ति के रंग में रंगे हैं हम सब दीवाने।

पर याद रखें हम, अपने कर्तव्य को हम न भूलेंगे,

एकता की डोरी में, सब मिलकर फलेंगे फूलेंगे।


नाजुक दिल की आवाज़ है, जो न कह सकी, वो प्रवासी मन की बात है ये।

मातृभूमि और कर्मभूमि से लगाव की कसमसाहट है ये।

पलकों में बैठी, देश से वियोग के आंसुओं की चाहत है ये।

कि हम सब अपने कर्तव्य को कभी न भूलेंगे,

एकता की डोरी में, सब मिलकर फलेंगे फूलेंगे।


प्रतिमा सिंह ✍️