माँ भारती के लिए प्रेम भरी पाती
धरती तो है,परदेस की, पर दिल मेरा हिंदुस्तानी!
रगों में दौड़ता है मेरी, गंगा-जमुनी का निर्मल पानी।
सजी हैं सारी गलियाँ यहाँ, खुशियों के हर रंग से,
पर यादों में बसी है, मेरी मिट्टी की खुशबू अंग अंग से।
यहाँ के भी पर्व हैं अपने, संग सारे वहां के तीज-त्योहार अपने,
दीवाली का प्रकाश, होली के रंग, अपनों के संग के सपने।
माँ के हाथों में फूलों भरी अर्चना दीप की थाली, आरती की ध्वनि,
परदेस में रहकर भी, मेरे दिल में हर सुबह रहती, वही धुन घनी।
याद आती हैं, वो गलियाँ, वो गाँव वो शहर, जहाँ बीता था बचपन,
जहाँ के हर त्योहार की मिठास, करती आज भी मन को मगन।
गाँव की मिट्टी की वो सोंधी महक, कच्ची मेड़ों की पगडंडियाँ,
आम और जामुन के बगीचे, जैसे सपनों की वनखंडियां
वो खेतों की हरियाली, वो चने के खेत से हरी हरि साग खोटना,
पंपिंग सेट से खेतों की सिंचाई, वो स्विमिंग पूल बना उसमें लोटना पोटना।
वो सावन के झूलों की पेंगें, जो आकाश को छुआ करती थीं,
वो खुशियाँ, वो सखियां सारी, जब सपनों में जिया करती थीं।
रखी है सहेज कर मैंने, संस्कृति की वो पावन डोर,
दूर हो कर भी भारत है, एहसास ए प्रेम की सबसे मजबूत छोर।
हर राखी,नाग पंचमी, दिवाली, दशहरा हर मकर संक्रांति,
यहाँ की ज़िंदगी में भी, बसा रखी है देश के घर की शांति।
माँ भारती, तू बसती है हर धड़कन में,
दूर होकर भी तू है, मेरे जीवन के हर क्षण में।
जहाँ जाऊं, तेरी मिट्टी की सौंधी ख़ुशबू लिए रहूंगी साथ,
उड़ चली हूं दूर देश मैं, पर रहूंगी तो सदा तेरी ही संतान!
प्रतिमा सिंह ✍️

