जाओ जाके कोई तो ढूँढके लाओ
एक नया बसर
एक नई धरती
एक नया नया आसमां
जाओ जाके कोई तो ढूँढके लाओ
एक नई सहर
एक नया सूरज
उम्मीद की एक नई किरण
जाओ जाके कोई तो ढूँढके लाओ
एक नई रात
एक नया चाॅंद
खिलखिलाती दूधिया चांदनी
जाओ जाके कोई तो ढूँढके लाओ
एक नया सौरमण्डल
कुछ नये नक्षत्र
कुछ नये संकेत सगुन के
जाओ जाके कोई तो ढूँढके लाओ
कोई नहीं देख रहा क्या
ऑंखों में नमी
चेहरे पे सूजन
होठों पे चुभी हुई फाॅंसे
कोई नहीं देख रहा क्या
फेंफड़ों की विक्षिप्तता
सीने में कुलबुलाहट
ऑक्सीजन की कमी
कोई नहीं देख रहा क्या
जीवन ऐसे भी दिया जा रहा है
बुजुर्ग कह रहे हैं ,
हम जी लिए हमारे हिस्से का
हम खाली करते है जगह तुम्हारे वास्ते
हम देते हैं हमारी जगह हस्पताल में
जीवन, यानि कि एक वेड....
कोई नहीं देख रहा क्या
अब सपने नही आते
अब नींद की किसको पडी है
सामने महामारी नांच रही है
कोई नहीं देख रहा क्या
जीवन अवरुद्ध
एक अंत:युद्ध
धरती नापी जा रही है लाशों से
कोई नहीं देख रहा क्या
और गर देख रहे हो तो जाओ
जाओ जाके कोई तो ढूँढके लाओ
खोई हुई सांसे
शरीर की ऊष्मा
पांव की थकान
एक गहरी नींद
और तुम नहीं ढूँढ सकते तो पैदा कर दो
एक नई चंचलता
सुख की अनुभूति
ऑंखों पे कुछ नई पलकें
तुम गर कुछ भी नही कर सकते
तो जाओ
जाओ जाके अनुमति ले आओ उससे
दफ़न करने की
आज तक के इतिहास की सारी स्मृतियों को
जाओ कोई तो , इतना सा करो
-प्रतीक कौशिक
