कैसे भूल जाऊं तुझे यूं ही फिलहाल में
एक उम्र खर्च की है जो तेरे खयाल में।

खुद ही संभल जाऊंगा कुछ वक्त चाहिए
अभी छोड़ दो मुझको मेरे इसी हाल में।

चेहरे ना जाने कितने छुपे हैं उसके दिल में
शायद काम आए मोहब्बत के अकाल में।

नज़रे नहीं मिलती वो कतराकर निकलते है
इतना कड़वापन था क्या हमारे सवाल में।

मिटती नहीं हथेली से लकीर उसके नाम की
लगता है लौट आएगा वो इसी साल में।


--प्रतीक यादव