जिस वक़्त,

कवितायें लिख रहे थे

हम प्रतिरोध की...

रणनीति ही बना रहे थे

विरोध की..


जिस वक़्त,

हम मशालों पर जमी

धूल हटा रहे थे

हथेलियों पे क्रांति के

फूल खिला रहे थे

जिस वक़्त,

बचे-खुचे सिपाहियों को

हम बुला रहे थे..


उस वक़्त तक

वह युद्ध हम हार चुके थे

जिसे लड़ना अभी शेष था..


फिर भी

हम बुद्धिजीवियों ने,

किसानों ने, ग़ुलामों ने

सूखी कलम और

टूटी तलवारों के दम पर..

खाली पेट और

दुखती रीढ़ पे तनकर..

अपने-अपने सत्य की ख़ातिर

वह युद्ध लड़ा...


हम लड़े

ताकि आने वाली नस्लों को

याद रहे क्रांति का धर्म...

ताकि सनद रहे

कि जिन सिपाहियों को

हथियार भी न मिले

वे खाली हाथों से लड़े

और खड़े रहे हरावल में

तानकर सीना मरने तलक...


ताकि इतिहास की

गर्म राख से

उठता रहे हमारे

साहस का धुआँ

और लिखा जाये

यह सदियों तक

कि ज़ालिमों के आगे

क़ातिलों के आगे

हमने झुकाई नहीं गर्दन

हमने किया नहीं समर्पण...

_______________

©प्रतीक भोमिया


*सनद रहे - ध्यान रहे

*हरावल - सेना की प्रथम पंक्ति