"बल से, धन से
बुद्धि या दर्शन से
क़िताबों, कानून से
सभ्यताओं, मर्यादाओं से
मसीहा या मसीहाओं से
नहीं चलती है ये दुनिया..
नहीं चलती है ये
देवताओं के भ्रम से
दुनिया चलती आयी है
केवल और केवल
मज़दूर के श्रम से..
लंगड़ाते हुए मज़दूर की
एक साबुत टाँग पर
खड़ा है सम्पूर्ण विश्व
और खड़ा है अनगिनत
सभ्यताओं का दंभ
हर काल का विजय-स्तंभ
हर युग का अंत आरंभ..
खड़े हैं प्राचीनतम स्मारक
सभी कर्ता सभी कारक
सुधारक उद्धारक
निर्माता और संहारक..
मज़दूर ने ढोया है
इतिहास अपनी पीठ पर
निराशाओं के अंधे कुँए से
खींचकर निकाला है वर्तमान
बनाये और तोड़े हैं कीर्तिमान..
उसने काटकर लकड़ी बनाये
राजकुमारों के पालने
योद्धाओं के ताबूत
और विद्वानों की कलम..
उसकी छाती पर लड़े गए युद्ध
उसीके लिए आये मूसा, राम और बुद्ध..
अथ से अनंत तक
मर्त्यलोक में यदि
है कोई अमर्त्य
तो वह मज़दूर है..
https://youtu.be/xheERJ_JL98
©प्रतीक भोमिया

