कोविड की दूसरी लहर ने मुझे कुछ रातों सोने नहीं दिया, शायद हम इंसानो को ऊपर वाले ने ऐसे ही बनाया हैं, हम समय बीतने के साथ ढल जाते हैं। दर्द असहनीय था उस समय, और मेरी अंतरात्मा को सांत्वना देने के लिए, मेरे पास जो भी तर्क और रचनात्मकता है, मैंने उनको शब्दों में ढालने की कोशिश किया हैI उम्मीद है आप लोगों को पसंद आएगा I
*******-----------------******
ग़मगीन हैं आंखें, जिसने सपने संजोए,
आने वाले कल के, कुछ ख्वाब पिरोए...
पर्दा उठा है अब, तो हकीकत है सामने..
वो लाशों के मंज़र, अपनी बेबसी पे रोये...
धधक रही चिताएँ, गुमनाम हुई राहें
इस वक्त के मुनासिब कोई साथ भी ना आए
सत्ता के धुरंधर का, तो ध्यान है महल पर...
ये मौत के तमाशे, इनको समझ ना आए..
जिसका नाज़ हमको, वो लोकतंत्र सो रहा है
पीर का समंदर, ज़ज्बात रो रहा है
लचर है प्रशासन, लाचार है व्यवस्था....
इतिहास के पन्नों में, सब दर्ज हो रहा है..
इस त्रासदी के कारन, कितनों ने अपने खोए..
वो लाशों के मंज़र, अपनी बेबसी पे रोये...
जब वक्त रहा अच्छा, हम धर्म पर लड़े
कभी मंदिर, कभी मस्जिद, के कर्म पर लड़े
कठपुतलियां बनाकर चंद ताजपोशों ने
नफ़रत सिखाया हमको हम लड़ते रह गए
कुर्सी के दीमकों ने, इंसानियत को लूटा
उम्मीद का भरोसा, इक बार फिर से टूटा
कदमों में पड़े बेटे की, मां पूछे रोकर
ख़ुदा मेरा मुझसे, क्यूँ इतना है रूठा
उन आसुओं की बारिश ने, कितने अरमाँ धोए...
वो लाशों के मंज़र, अपनी बेबसी पे रोये...
बुरे दौर में अब, नफ़रत है शर्मिंदा
उस जज़्बे को सलाम, जिसमें नियत है ज़िन्दा
जब खून की जरूरत, क्या हिन्दू क्या मुसलमा
अब आसमाँ से कह दो, आजाद है परिन्दा...
उड़ने की चाह में, चंद पंख जो है खोए...
वो लाशों के मंज़र भी, अपनी बेबसी पे रोये...
वो लाशों के मंज़र भी, अपनी बेबसी पे रोये...
- प्रशान्त सौरभ सिंह (PSS)
इस कविता को गीत के रूप में यहां सुने सकते हैं-

