जीवन के सत्य का अहसास हो जाना
सब छोड़कर शिव का दास हो जाना
मृत्यु ही अंतिम और मृत्यु ही शाश्वत
आवश्यक है इसका आभास हो जाना

किसी का होना या किसी को पाना
तुच्छता है दैहिक आसक्ति में आना
द्वेष और दंभ के अनुनयन से बेहतर
मोक्ष के मार्ग पर प्रवास हो जाना

प्रवास में चलना और चलते चले जाना
गंगा के किनारे एक रहवास हो जाना
जीवन और मृत्यु के चक्र से निवृत्ति
स्वर्णिम है काशी में उच्छ्वास हो जाना।

-प्रशान्त