नारी: एक शक्ति
वसुधा की मैं दिव्य तनुजा, अनंत व्योम की गाथा हूँ ।
अपनी कथा सुनाने वाली, मैं भारत की तस्वीर हूँ ।।
ममता का सागर हूँ तो, प्रलय काल की अग्नी हूँ ।
व्योमकेश की चिरसंगिनी, मैं भारत की तस्वीर हूँ ।।
पुरूषों का पौरूष हूँ तो, नारी का साहस हूँ ।
गार्गी, मैत्रेयी, लक्ष्मी, मैं ही इंदिरा हूँ ।।
अंबर की ऊंचाई हूँ तो, अर्णव की गहराई हूँ ।
शक्ति रूपा पुण्यसलिला, मैं भारत की तस्वीर हूँ ।।
सृष्टि की अद्भुत कृति मैं, उसकी सृजन शक्ति हूँ ।
सत्य की राह दिखाने वाली, मैं भारत की तस्वीर हूँ ।।
---- प्रज्ञा ---
