"दीवाली रौशनी लाई अंधेरे की मुंडेरों से"

-----

 

दीवाली रौशनी लाई अंधेरे की मुंडेरों से,

किसी छोटू किसी रामू के कच्चे घर बसेरों से।


के बिजली टूट के गिरती किसी छप्पर के सपने पर,

किसी की आँख में खुशियाँ किसी के थकते पैरों से।


ये मिट्टी के दिए उसके खिलौने  फूल कागज़ के,

वो कमसिन बेचता नुक्कड़ पे दादी संग पहरों से।


सुना है रौशनी की जंग अंधियारे से लाज़िम है,

भला फिर क्यूँ ये टाटों का शहर पलता अंधेरों से।


मुबारक शम्मा का जलना गली कूंचे ओ देहरी पे,

नुमां हो रौशनी सुख की ख़ुदाया सबके चेहरों से।

---प्रदीप सेठ सलिल


*कमसिन=कमउम्र