"यादों की डायरी से"


तुम्हें याद है

कि 

तुम कहा करतीं थी,


'तुम्हारे साथ 

वक्त के रास्ते गुज़रते हुए 

हथेलियों की रेखाएं लुप्त हो जाती हैं,

और

उभर आते हैं कुछ चिन्ह-

उन पर

गुलाब गेंदा चम्पा मोतिया के से,

कुछ नहीं रहता शेष 

जीवन में

सिर्फ एक परलौकिक सुगंध के सिवा,


तुम कहतीं

सुनो,

कैसे होते हैं वह क्षण

जब

विश्व हो जाता है-एक बिंदु

और बिंदु हो जाता है-एक विश्व।


फिर कुछ भी नहीं रहता साथ

मात्र

दो मौन आकृतियों के,

तब भी

हाथ की रेखाएं रहती हैं लुप्त

पूर्ववत्

और

गुलाब गेंदा मोतिया चम्पा

निरंतर बढ़ाते हैं अपनी परिधि 

-हथेलियों पर

समय के साथ'

तुम कहतीं थी न।


--प्रदीप सेठ "सलिल"