वो कालेज के फ़सानों की पुरानी याद आती है,
गमेदिल दर्दे उल्फत की कहानी याद आती है।
मेरे दिल के समुंदर में तू बनके मौज आती थी,
के लहरों पर लिखी पुरनम कहानी याद आती है।
वो गुलशन में मुलाकातें सिमटकर प्यार से तकना,
तेरे हमदर्द ख़्वाबों की निशानी याद आती है।
कभी भोली अदाएं ओ कभी नटखट सितम तेरे,
कभी घंटों तेरी हरकत पुरानी याद आती है।
तेरी उन सुर्ख आँखों से छलकते थे गरम आंसू,
बिछड़ना रोटी की ख़ातिर तुम्हारी याद आती है।
ज़रा देखे कोई दिल को ओ मेरी मुफ़लिसी देखे,
मेरे आँखों से छलकी वो कहानी याद आती है।
---प्रदीप सेठ सलिल
