"ओ दूर के आधुनिक शहर की चिड़िया-होली फिर आई है"
ओ
दूर के आधुनिक शहर की चिड़िया
तुम्हें पता है क्या?
कलैण्डर ने फिर बताया है
फ़िज़ाओं में शोर मचाया हे
इस पार
इस बार
फिर होली आई है।
तुम्हें टेसू बहुत भाते थे-
अब तुम्हें टेसू के फूल कैसे लगते हैं
अब
होली टेसू से नहीं खेली जाती
इस दौर को
गए युग की महक नहीं सुहाती,
उन फूलों की सुगंध
डियोड्रेंट ने ले ली है
इक्कीसवीं सदी में
पुरातन परंपरा पहेली है,
और उसका
(ज़ाहिर है टेसू का)चमकीला
नारंगी लाल रंग
बदल दिया है
सब कहते हैं विकास किया है,
कुछ कहते हैं अपराध किया है,
सुनो-
तुमने भुला तो नहीं दिया है
तुम्हारी बालकनी और मेरे आँगन के बीच
फलता टेसू का पेड़-
अब
काट दिया है
इमारत बनाने के निमित्त,
सब कुछ क्यों लगता है विचित्र,
इधर
शहर की सोसाइटी में भी
टेसू के वृक्ष नहीं दिखते,
इस पर
अखबार
कुछ नहीं लिखते,
जो भी हो-
पर
होली तो आयी है,
कलैण्डर कहता है,
मॉडर्न जमाने को कुछ तो याद रहता है,
मुझे भी याद है
शायद तुम्हें भी होगा
होली
कुछ साल पहले भी आई थी
जब
तुमने छिपा रखा था मुझे
प्रीत के आंचल में,
और मैंने तुम्हें
सपनों के बादल में,
आंचल
जिसे हमने
समर्यण के इशारो से,
प्रेम के रागों से,
बंधन के धागों से,
मिलन के वादों से
दिन दिन बुना था।
बादल
मेरे और तुम्हारे आकाश का बादल,
वादे!
जो हमने किए थे
कालेज के अकेले ठिकानों में,
वक्त के बियावानों में
किस्सों की कलियों से
बातों की कड़ियों में
हंसने की घड़ियों में,
शायद तुम भूल गईं,
लेकिन---लेकिन.....लेकिन....
बहरहाल
तो आज होली फिर आयी है,
ओ
आधुनिक शहर की चिड़िया
होली उधर
तुम्हारे दरवाजे भी आयी होगी,
काश...काश...काश....
हाँ काश---
मैं और तुम.
-प्रदीप सेठ सलिल
