"तुम्हीं नींद तुम स्वप्न हो मेरा"
तुम ख़ामोशी तुम ही हलचल
तुम पारे सी तुम हो चंचल
गत मौसम की हो अनुभूति,
सुधियों का हो सुन्दर संबल।
तुम्हीं नींद हो स्वप्न हो मेरा,
भावदीप है जीवन मेरा।
मन का आंगन मन-कलिका तुम,
तुम ही लहरें सरिता हो तुम,
तुम्हीं लक्ष्य हो पथ भी हो तुम,
प्रेम काव्य कविता भी हो तुम,
तुम भाषा तुम शब्द हो मेरा
भावदीप है जीवन मेरा।
मोहक झरनों की अंगड़ाई,
प्रथम प्रातः की हो तरुणाई ,
भीनी भीनी महक हवा में
तुम अधखिली कलि अलसाई।
तुम क्रीड़ा तुम उपवन मेरा
भावदीप है जीवन मेरा।
मेरे अंबर-पट में आशा,
मेरे दो अधरों की भाषा,
अंतर के निश्छल दर्पण में,
तुम्हीं बिंब हो तुम ही छाया।
तुम्हीं स्वप्न तुम सत्य हो मेरा
भावदीप है जीवन मेरा।
मैं अपूर्ण मैं आधी ज्योति,
मैं तंद्रित मैं प्रीत वियोगी,
मैं गीतों ग़ज़लों की काया,
यादों की दुनिया, मैं जोगी।
तुम्हीं गीत तुम मौन हो मेरा,
भावदीप है जीवन मेरा।
----प्रदीप सेठ “सलिल”
