'एक दूसरे के अस्तित्व से होकर'



जाने क्या हुआ

आज

कालेज की घंटी सुनाई दी मुझे,


वह हर चीज़

जो

हमारे और तुम्हारे बीच

युग बनकर आई

हो सकता है तुम्हें याद न हो

पर मैं नही भूला हूँ

उन्हें,


तुम्हारी परछाइयों की तरह

जो कभी

गतिमय थीं मेरे साथ

आयु के लम्बे मरुथल में,


निकटता की संभावनाएं 

तब भी

अब की ही तरह

‘नही’ के समानांतर

आहिस्ता आहिस्ता चलती रहीं,


और

बहुत ही दूर किसी बिन्दु पर

मिलने का आभास 

भ्रम है

जानकर भी,

हम बढ़ते रहे

एक दूसरे के अस्तित्व से होकर,

हो सकता है तुम्हें याद न हो

मैं नही भूला हूँ

आज भी,

हाँ

आज फिर

न जाने क्यों

ऐसा लगा

कालेज की घन्टी सुनाई दी।


---प्रदीप सेठ “सलिल”