"जिन्हें दो वक्त फ़ाकों ने दौड़ाया है शहर भर में "
तुम्हारे प्यार की ख़ातिर खिलौना बन तो जाऊं मैं
मगर ये ज़िन्दगी कमबख्त पुर्जा है मशीनों का।
जिन्हें दो वक्त फ़ाकों ने दौड़ाया है शहर भर में
उन्हें फ़ुर्सत कहाँ दीदार हो अब महज़बीनों का।
लड़कपन नौजवानी फिर जहाँ पीरी गुज़ारी है
वहाँ ख़ारिज तसव्वुर है मोहब्बत का, हसीनों का।
किनारों पर सुना है रोज़ ही महफ़िल मुबारक है
नहीं कोई ख़बर लेता तलातुम के सफ़ीनों का।
कहीं पर शम्स बख्शा और कहीं रातें अंधेरी दी
ये नाइंसाफ जारी है जमाने से ज़हीनों का।
-प्रदीप सेठ सलिल
शम्स=सूरज
तलातुम=तूफान
सफ़ीना=कश्ती
