'तेरी गज़लों में फ़ाकों की कहानी याद आती है'
वो मीलों दूर चलने की कहानी याद आती है,
सुबह से शाम तक कोई कहानी याद आती है।
किसी दिल के समुन्दर में तू बन के मौज आती थी,
वो पुरनम मौज की हलचल, नूरानी याद आती है।
वो पहरों तक मुलाकातें वो लड़ना फ़िर से मिल जाना,
तेरे चेहरे की नटखट शादमानी याद आती है।
छिपाना ज़िल्द में ख़त का, किताबों को हवा देना,
बदलना फिर किताबों का, रूमानी याद आती है।
वो कहना ख़र्च ग़र होगा बराबर बांट लेगें हम,
गणित के जोड़-तोड़ में शैतानी याद आती है ।
सुबह ख़िड़की के कोने से गली में बारहा तकना,
झरोख़े से नज़र की मेज़बानी याद आती है ।
यहाँ छोटी सी गुलवारी में अब न ख़ार है गुल,
फ़िज़ाओं की हवाओं में वीरानी याद आती है।
वो कूड़ा बीनते बच्चे ओ उन पे तफ़सरा तेरा,
परेशां, सोज़ में डूबी, पेशानी याद आती है।
तेरी उन सुर्ख़ आंखों से छलकते थे ग़रम आंसू ,
तेरी गज़लों में फ़ाकों की कहानी याद आती है।
कहाँ माज़ी की दुनिया ओ कहाँ ये आज का आलम,
जुनून ए जद्दोजहद की रवानी याद आती है ।
--प्रदीप सेठ सलिल
