"समय की ऐशट्रे में उम्र झड़ रही
धुआं धुआं मोहब्बतों का क्रम"
अर्थहीन टंग रहे हैं हम,
शून्यता की भावहीन दुकान में,
भागदौड़ की अदृश्य कैद में
आज के नये गठित विधान में,
श्वांस संग चल रहे हैं गम
अर्थहीन टंग रहे हैं हम।
रोज़ फ़ाइलों में स्नेह ख़प रहा,
पैंडिंग पड़े हैं ख़्वाब सैंकड़ों,
संबंध के सभी नियम हैं खण्ड खण्ड
भावना संजो सकी न एक को,
शाम ओ सुबह ओढ़ते हैं गम
अर्थहीन टंग रहे हैं हम।
समय की ऐशट्रे में झड़ रही उमर,
व्यर्थ हो के रह गया निपट जनम,
भृष्ट हो गयी 'लगाव' की कड़ी,
लड़खड़ा रहा मनुष्य का क़दम।
धुआं धुआं मोहब्बतों का क्रम
अर्थहीन टंग रहे हैं हम।
-प्रदीप सेठ सलिल
