"छप्पर खपरैलों के आँसू बचपन सारा निगल गया"
खारा पानी उठा तो बादल आसमान में उछल गया,
सूखी मिट्टी छोड़ निगोड़ा ज़रदारों के निकल गया।
शहर शहर जो बरसा सावन गंगू की खोली से निकला,
मगर भोज राजा का हाकिम सारा पानी निगल गया।
भूख की भट्टी, तपा पसीना, छोटू, रामू, 'खोखा' चाय,
छप्पर खपरैलों का आंसू बचपन सारा निगल गया।
टूटे नाज़ुक कंधों पर चढ़ इन्द्रधनुष ने झलक दिखाई,
इंद्रधनुष का सारा यौवन चकाचौंध पर फ़िसल गया।
काट काट चट्टानें उसने, महानगर, सड़कें, पुल, बांधे
सकल तरक्की के इंजन में कुनबा उसका पिघल गया।
पटवारी मुखिया की पोथी, पंचायत में वो है कोरा,
मोहर लगाना बटन दबाना वर्षों उसका विफ़ल गया।
---प्रदीप सेठ “सलिल”
