"नयन मिलाए व्यथा बावरी घर आए पतझर से"
गूंज रहे झूठे विग्यापन
बाजारी सुर-स्वर से,
आठ पहर उठ रही उदासी
इस फैले बंजर से।
दीमक बनी निगोड़ी चिन्ता
आई पांव पसारे,
टुकड़े टुकड़े जुड़ी विषमता
बैठ गयी गलियारे।
कितनी दूर भटकती फिरतीं
खुशियां अपने दर से,
इस फैले बंजर से।
सजा गयी दुख दर्द ‘भावना’
धड़कन के पृष्ठों पर,
भटक रही हर एक समस्या
कोहरीले रस्तों पर।
रूठ गयी सुविधा की गुड़िया
स्वम् अपने ही घर से,
इस फैले बंजर से।
अन्वेषक बन गयी उमर
रीतापन ढोते ढोते,
बैठ गयी थक के जिज्ञासा निष्फल होते होते।
नयन मिलाये व्यथा बावरी
घर आए पतझर से
इस फैले बंजर से।
--प्रदीप सेठ “सलिल”
