‘चूड़ियाँ खनक उठीं सुबह सुबह के प्यार में’


गीत गा रहे थे हम

प्रीत की बहार के

नयन नयन की छेड़छाड़

दिल से दिल की रार के।


क्या मधुर वह प्रातः थी

सिमट रही थी चांदनी

दो पलक उठीं के बस

चमक रही थी दामिनी।


चूड़ियां खनक उठीं

सुबह सुबह के प्यार में

धुन बजा रही थी कौन 

इस अकेले तार में।


फूटती किरण उधर

इधर मुझे पुकारती

प्रातः की हंसी में नित्य

आरती उतारती।


उधर विहग मचल उठे

इधर मुझे संवारतीं

प्रीत डोर को पकड़ 

नयन से तुम निहारतीं,


ऋतु भी द्रुत गति में रत् 

अलक अलक से खेलती

भोर की किरण में नित

मिलन के तार छेड़ती,


स्वप्न टूटने लगा

सुबह दोपहर शाम को

रोज़गार की ललक

छोड़ती है गाँव को,


भीड़भाड़ का नगर

भावनाओं का खण्डहर

प्रकाश के जहान में

अंधेरा मन में, प्राण में,


यूं अकेला तो नही,

है आसपास तू कहीं

'विवशता' जिल्द है तो क्या

तू ‘महक’ मैं जानता,


कि फिर से तुम मेरे लिए

प्रणय के गीत गाओगी

पलक की ताल ताल पर

अधर से गुन-गुनाओगी,


ह्रदय मिलन क्षणों में नित

मधुर सपन सजाएंगे

नयन नयन में देखकर

उठी पलक झुकाऐंगे।

----प्रदीप सेठ सलिल