'चाँद स्मृति के चाँद'


इन्तज़ार इन्तज़ार

वेदना पुकार पर

मिलन प्रभा उतार कर

सजन विरह निखार कर

मन के इक कछार पर,

श्वांस की गति लिये-

साथ मेरे हो लिया

इन्तज़ार इन्तज़ार।


चांद स्मृति के चांद

यह तुम्हारी चांदनी-

बढ़ा रही कोई अगन

बुला रही कोई किरण

झूला रही कोई पवन

जगा रही कोई सपन,

इस तमस की भीड़ में

सतत विरह की पीड़ में

इन्तज़ार इन्तज़ार।


प्रीत में विकल विहग

उम्र के तरु को नित

प्यार से दुलारे से

पीर निज बिसार के

अतीत की बयार से

आंसुओं की धार से

सींचता रहा कि नित

तरु को सींचता रहा,

इन्तज़ार इन्तज़ार।


बावरा न जानता

मिले न मीत फिर कभी

गए जो दूर देश को

है याद मात्र शेष को,

विरह-सुधा तो पी गई

पी स्मृति विशेष को,


मीत कौन से नगर

क्या खबर वो किस डगर

कौन से कगार पर,


प्रिय तेरा विचार

संवर चले मेरा जिया

निखर चले मेरा हिया,

एक तेरी प्रीत में

एक मेरी टीस में

इन्तज़ार इन्तज़ार ।


--प्रदीप सेठ “सलिल”