“काश”


काश तू होती पृथ्वी

मैं होता चन्द्रमा सा उपग्रह

तो कैसा होता,

मैं

घूमता तेरे ईर्द गिर्द सदैव

एक निश्चित दूरी से

काश

ऐसा होता

तो कैसा होता।


काश

तू होती एक बिन्दु केन्द्र में

और मैं होता एक वृत्त

तुझे समेटे

अपने में,

तो कैसा होता

काश

तू बिन्दु और मैं वृत्त होता

तो कैसा होता।


काश

तू होती एक चिड़िया

और मैं होता एक वृक्ष

तेरा घोंसला संभाले

नदी किनारे,

काश ऐसा होता

तो कैसा होता।


काश

तू होती मछली

और मैं एक समुंदर,

तू खेलती

मेरी लहरों से

मेरी लहरों पर

काश ऐसा होता

तो कैसा होता।

-प्रदीप सेठ सलिल