”सामाजिकता का अर्थ”
सामाजिकता की मचान से-
आईने में
औपचारिकता के बिंब देखता
मैं,
सच मानो
अपने घर अजनबी हो गया,
खो गया
इर्द गिर्द कीमती वस्त्र ओढ़े
मेहमानों की भीड़ के दामन में,
जी हाँ
यहाँ
छोटे आंगन में,
विचार की कड़ी
सुन्न
नक्कारखाने के शोर में,
कांच बरसाते 'औपचारिक सोच’ के जोर में,
सन्नाटा पसरता
बिफरता
गुजरता
भीतर
आवाज़ों की भीड़ से,
मैं
निरीह
खड़ा
औपचारिकता दबा
सोंचता
सामाजिकता का अर्थ
क्या सच में है अनर्थ?
और
"मैं" के भीतर
रहता
मेरा अस्तित्व
असहाय,
निरउपाय
मैं
बैठता
किसी अतार्किक नदी किनारे,
पुकारे
शून्य में चिन्तनशील कोई विचार
मुझे,
मेरे से कटकर
समझाता
संबंधों का मतलब,
कहाँ कहाँ बेमतलब।
मैं फिर भी
किसी डर से दबा
मुस्कुराता-
निभाता
अनावश्यक,
औपचारिकता की नदी में
इक्कीसवीं सदी में।
---प्रदीप सेठ सलिल
