?बरगद अकेला ढूंढता बसंत की वो रौनकें?


कैसी कैसी किस्म के इंसान होते जा रहे

लोग अपने घर में ही मेहमान होते जा रहे।


अब कहाँ फ़ुर्सत की बैठें साथ बैठक में कभी

शहर जितना फैलते वीरान होते जा रहे।


कैसे बादल आ गए हैं शाम को मुंडेर पर

आँख से तारे यहाँ अनजान होते जा रहे।


नाज़ुक परिन्दे जा बसे हैं दूर सागर पार अब

इस जहाँ के बाग सब सुनसान होते जा रहे।


बरगद अकेला ढूंढता बसंत की वो रौनकें

गुलशन में गुलदस्ते फ़क़त अरमान होते जा रहे।


-प्रदीप सेठ सलिल