"लो फिर यादों की चिड़िया,
खिड़की पर आकर बैठी।"
स्नेह सुख की धारा बहती
गत युग की गाथा कहती
लो फिर यादों की चिड़िया
खिड़की पर आकर चहकी।
तुम अश्रु नही समझना
है ये सुधियों की माला,
मैं नित्य जपा करता हूँ
मन मन्दिर में मतवाला।
अधरों के कम्पन कतिपय
न लहर वेदना की है,
अभिलाषा की अंगड़ाई
मुस्कान चेतना की है।
सूरज की पहली किरणें
केसरिया प्रातः की बेला,
कलियों की पलकें खुलना
तकता हूँ खड़ा अकेला।
मेरी पलकों के कोने
सावन से बरस रहे हैं,
मुझको मेरे ही सपने
स्तंभित निरख रहे हैं।
आशा की मैली चादर
किस क्षण तक ओढ़े जाऊँ,
कलिका की धुन में कंटक
पहने कब तक मुसकाऊँ।
किंचित तुम समझ रही हो
मैं दिन दिन बिखर रहा हूँ,
स्मृति की पुस्तक लिखता
पल पल मैं संवर रहा हूँ।
किसको अपराधी कह दूँ
किसको निर्दोष बताऊँ,
मैं स्वयं ही अपनी छाया
सुधि की सरिता में पाऊँ।
---प्रदीप सेठ “सलिल”
