"कोमल परिचित परिछाया को पलकों से छुआ नही जाता"

-----


भावों की शुष्क शिराओं का

रीतापन भरा नही जाता,

कोमल परिचित परिछाया को

पलकों से छुआ नही जाता।


यह बातें यह स्वर यह नग़्में,

कानों में कुछ कह जाते हैं,

यों उमर कहानी लिखती है

अश्कों से रुका नही जाता।


जीवन की विकट किताबों के

क्रम अनुक्रम भटके भटके से, 

हम  विषय  ढूंढते  रहते हैं

पृष्ठों का पता नही पाता।


सपनों की नन्ही कलियों को

बदचलन विवशता लूट गयी,

कुछ सपने पुष्प बने लेकिन,

जूड़े में सजा नही जाता।


विश्वास  ने  डैने  फैलाये

उड़ान  भरी  आवेशों  ने,

लो किरण-परी भी झांक रही

पर बेदम उड़ा नही जाता।


----प्रदीप सेठ "सलिल"