एक स्वप्न के बस जाने से मौसम कितना बदल गया है,
फूल समर्पण में बिखरे और कलियों ने सत्कार किया है।
घुटनों के बल चली लताएँ पुरवा की छत् पर जा बैठीं,
किसने मूक अधर से आख़िर स्वप्नों का श्रृंगार किया है।
मेंह बरस कर सूने आंगन अठखेली करने आया है ,
अंबर ने व्याकुल हो कर के किसी बूंद से प्यार किया है ।
मन ने जो फ़सलें रोपी हैं तुमने भी फलते देखीं वह,
पर क्या तुमने उन फ़सलों का बोलो कुछ विस्तार किया है।
कभी अहेरी था अपना मन अब तो बस भय से पीड़ित है,
जाने क्यों ॠतुओं ने हमसे ग़ैरों सा व्यवहार किया है।
-प्रदीप सेठ "सलिल"
