'किरणें शेष हैं अभी'


किरणें शेष हैं अभी

वो

नींद में है जाग जाएगा

अभी तो

‘उसने देखा एक सपना------भयानक’


पर कटे कबूतर

रक्त सनी मुंडेरें

रेत का सैलाब

बिखरे बागों में फैले सूखे फूल,


हवाओं में

धार्मिक शब्द कोषों से छनकर आतीं

लफ़्ज़ों की कतारें,

घायल स्वप्न की भयानकता,

उसने एक सपना देखा’ भयानक।


उसने फिर देखा एक सपना

ढेर----ढेर----और ढेर

लोगों के हुज़ूम

शोर के बवंडर में भागते

कुछ दायीं ओर कुछ बायीं ओर

अलग अलग रंग की कतरनें

खपच्चियों पर बांधे,

जिनमें हर एक पर लहराता

संवैधानिक धाराऐं गिनाता

ठुकराता

कुछ परचम सा।


एक पर्त गहरी नींद---एक और---फिर एक और

उसने देखा एक सपना भयानक,

नारे

फिर जवाबी नारे लगाता

खोली से निकला

लड़कपन क़िताबें छोड़कर,

नुक्कड़ से दौड़ा बूढ़ा कल-पु्र्जे रौंदकर,


लथपथ

चौंक चौबारे

लथपथ।


एक पर्त करवट---एक और---फिर एक और

उसने देखा एक सपना

गुम्बद,

लाल गोल गुम्बद

उसमे रोशनी

जिसकी तह में किरणें

वर्तमान भविष्य से जोड़तीं,

एक रास्ता

मंजिल को मोड़तीं,

उसने देखा एक सपना

‘उसने फिर देखा एक सपना’।


-प्रदीप सेठ सलिल