”जो दिवस बीते तुम्हारे साथ....”
दूर तक आकाश में फैला उजाला
क्यों दिलाता याद
उस मुस्कान की,
एक अन्तर तक गई पहचान की,
उस मुस्कान की।
जो दिवस बीते तुम्हारे साथ
एक स्वर्णिम युग हुए हैं आज,
फिर भी लगती
आपके बिन
हर घड़ी सुनसान सी,
उम्र के दुरूह रेगिस्तान की,
एक अन्तर तक गई पहचान की।
देख कर हमने प्रणय दर्पण
अन्जली भर कर सजाए क्षण,
और फिर टूटे
कि जैसे टहनियां बेजान सी
हो गईं अनजान सी,
एक अन्तर तक गई पहचान की।
"बन्धनों की सहज सरिता"
धूप में छाया सरीखा
बांध चटके बस तनिक भर,
भीगी पलक विहान की
ठहरी लहर मन प्राण की,
एक अन्तर तक गई पहचान की।
--प्रदीप सेठ "सलिल"