चुनाव की बरसात में-

चुनाव की बरसात में तटबंध तोड़कर,

कौन किस जगह गया विचार कीजिए,

आप जंगल में खड़े हैं या नगर के मध्य

आवाम से मनुष्य सा व्यवहार कीजिए।


सिवा एक वोट के-

मैं मान भी जाऊँ के तू है चारागर मेरा,

रहबर सिवा एक वोट के तुझको मैं क्या दूँगा,

हसरत तरक़्क़ी है तो फिर वो, क्यों नही हासिल

बता मैं अगली पीढ़ी को सौगात क्या दूंगा।


मशाल को चुनाव में-

नामुकम्मल बस्तियों में रोशनी लेकर चलो

उन्नति को आसमां तक फ़र्श से लेकर चलो,

खेत तक खलिहान तक जंगल शहर हर गाँव तक

हक़ की हर मशाल को ‘चुनाव’ में लेकर चलो।


हर चुनावी किश्त में-

कौन तोड़ेगा बयानों पर खड़ी दीवार को,

हर गली बस्ती शहर में छद्म की मीनार को।

हर चुनावी किश्त में आईन बांटा जा रहा,

दस्तूर को, इंसान को और भूख के इज़हार को।


-प्रदीप सेठ सलिल