'जाने किस गीत के लिये डूबती रही अपनी शाम'
जाने किस गीत के लिए, डूबती रही अपनी शाम,
घिर आये पीड़ा के याम।
अंबर से टूट कर गिरा,
यादों का एक सिलसिला,
दोहराया कल का सफर,
मीठी चुभन बांध कर।
जाने किस टीस के लिए रूठ गया बैरी विश्राम।
घिर आये पीड़ा के याम।
ख़्वाबों की पीठ पर लदी,
टुकड़ों बँटी ज़िन्दगी,
उजाले का बिगड़ा चलन,
काजल हुई हर किरण।
जाने किस रीत के लिए बूंद किए सारे आयाम।
घिर आये पीड़ा के याम।
अंतस के 'पर' खोलकर
झिझक रहा पक्षी मगर
बदले दिशाक्रम ने कोण
बंधन ने साध लिया मौन,
जाने किस प्रीत के लिए जोड़ लिये आँगन विराम,
घिर आये पीड़ा के याम।
--प्रदीप सेठ “सलिल”
