"तुम भी जानती ही हो"

-तुम्हारी 'याद' और 'रोटी' में-

क्या ज़रूरी है जीने के लिए.



आज

यह क्या बात हुई

कि उस नाम ने चौंका दिया मुझे 

मेरे पास से गुज़र कर,

पहले भी तुम्हारे नाम की निकटता महसूसी है

पर ऐसी तो नही।


कल ही मिला था

तुम्हारे शहर से आने वाला दोस्त,

अचानक,

लंबा अरसा नापा तो जा ही सकता है

तुम्हें अठ्ठारह की छोड़ आया था,

अब तुम जितनी हो

उससे ज़यादा बूढ़ी हो गई हो

"उसके मुताबिक"


इधर मै भी।


हाँ

ज़िम्मेदारी और विवशता की लकीरें

हल कर देतीं हैं चेहरे पर

गणित के सवाल 

नये पैमानों से

कि 

अठ्ठारह जमा बीस

अड़तीस नहीं अठ्ठावन हुआ करते हैं

अभावों की स्लेट पर।


उसने कहा था

तुम्हारी रसोई और आँगन में

कभी मौसम नहीं बदलता,

हर मास एक ही तक़ाज़ा बरसता है

बजट के जोड़-तोड़ का,

और

एक ही सुबह होती है

दूध की किल्लत के किस्से से।


माँ भी 

इस पार

कुछ ऐसे ही मौसम में,

बूढ़ी दर बूढ़ी हो गई है

और मैं 

टूटा टूटा सा,

भौतिक अलंकारों के बीच।


लगता है

संभावनाएं बढ़ गईं हैं,

मेरेपन में परिवर्तन की-

कुछ भी

जिसे लोग सुन्दर कहते हैं

मुझे आकर्षित नही करता

और

भाता है

कोई उदास आकृति का चेहरा।


एक दूर तक फैले कोलाहल में

उदास

और बहुत सी उदास छायाऐं

चिन्ह छोड़ती जा रही हैं,

आ रही हैं

तेज भीड़ की लहरें

मेरे इर्द गिर्द।


सब घुलने लगा है

इस शाम में,

उम्र की इस पौड़ी पर।


हाँ 

उम्र की उस पौड़ी पर का वृक्ष

जो पलस्तर झड़े

तुम्हारे दस बाई दस के कमरे

और

मेरी खिड़की के बीच

कभी सूखता कभी फलता था

सूख गया है

"उसने कहा था"


लेकिन हाँ 

मुझे याद आता है वही वृक्ष

जो

जोड़ता था तुम्हें मुझसे 

आयु के उस युग में ।


माँ कुछ नही जानती थी

या जानती थी कुछ कहती नही थी,

जो भी हो,

वह अक्सर 

सूरज को जल चढ़ाते वक्त

वृक्ष के लाल फूलों को याद करती है,

और मैं 

वृक्ष के पत्तों से 

आने वाली दृष्टि की कमी से

उदास हो जाता हूँ।


तुम्हारी चौख़ट की मुफ़लिसी

जब भी इधर

खिड़की पर आ ठहरती,

मुझे जीव विज्ञान पढ़ने की सूझती

कि

प्रोटीन कार्बोहाइड्रेट की कमी में रहना 

कितना ख़तरनाक होता है।


और अब

कैसा लगता है

तुम्हें!

पानी की लाईन में खड़े रहना,


"उसने कहा था" 

वहाँ कुछ भी नही बदला है।


पर

सोंचता हूँ 

तुम्हारा नाम किताबों में लिखने से

या यादों के बीहड़ से गुज़र कर

रोटी तो नही मिलती,

और यह तुम भी जानती ही हो

जीने के लिए 

रोटी और याद में से

क्या ज़रूरी है।

---प्रदीप सेठ "सलिल"