-लम्बी अमावस के बाद


'सम्बन्धों के सूत्र शिथिल हैं द्रवित समय का भाग्य'


एक दर्द और बहुत हैं आँसू

सूने सब संवाद

शब्द पड़े पीड़ित पृष्ठों पर

किससे हो फ़रियाद।


आशा कुण्ठित भाव व्यथित हैं

स्वप्न स्वप्न अवसाद

सम्बंधों के सूत्र शिथिल हैं

द्रवित समय का भाग।


उमर दुल्हनिया ओढ़े बैठी

श्रम की गीली चूनर,

नई सदी ने लील लिये हैं

मन के कोमल भाव।


यूं तो बालकनी में ढेरों

गुलदस्तों की दुनिया

कमरे में पसरा सन्नाटा

भीतर नहीं उजास।


चेहरे पर छ्प गयी उदासी

अंकित भय के चिन्ह,

आंखों में पल रही रिक्तता

डूब रहा विश्वास।


झूठे विज्ञापन सी चिपकी

अनजानी मुस्कान,

निर्जन में आती कर जाती

बार बार उत्पात।


-प्रदीप सेठ सलिल