“एक बूंद आँसू की छांव में”


उदास

और बहुत उदास है माहौल

तुम्हारे बिन,

ऐसा तो नही

तुम परेशान हो

किसी छाया की प्रतीक्षा में।


कैसे हो जाता है

वातावरण

एक अपरिचित से मुसाफ़िर सा,

और वक्त

दरवाजे की अजनबी सी दस्तक,


कोई पहचानता नही 

किसी को,

सब कुछ पिघलने लगता है

शोर में

आसपास की आवाज़ों के,


मेरे अस्तित्व के सिवा।


उस पार तक फ़ैली दृष्टि 

लौट आती है

मन के किसी बिंदु पर

और तुम

वहाँ 

कोई गीत दोहराने लगती हो

एक बूँद आंसू की छांव में 

मेरे बिना,


गुज़रे ज़माने की धुन पर।


उदास

और बहुत उदास है

माहौल।


---प्रदीप सेठ "सलिल"