'जिसका किस्सा आपकी मेरी कलम से दूर है'
एक मुद्दत से हैं चुप अब आओ कुछ बातें करें,
हैं किसी पत्थर से हम पर प्यार की बातें करें।
जो नदी सी बह रही है पर लहर सी दीखती,
उस व्यथित जन भावना के ज्वार की बातें करें।
जिसका किस्सा आपकी मेरी कलम से दूर है,
उस गली, बस्ती, नगर, संसार की बातें करें।
दर्द को आवाज़ देकर थोड़ा चटकाएं ज़रा,
फिर मुसलसल गिर रही दीवार की बातें करें।
जो परिंदों की तरह है पर न उड़ पाई कभी,
उस अपाहिज हो चुकी बहार की बातें करें।
---प्रदीप सेठ "सलिल"
