‘सियासत की परी रूठी बख़ूबी अपने वादों से’


तसल्ली दे के ज़ुल्फ़ें खोल दीं रुख़ ढक लिया उसने

सियासत की परी रूठी बख़ूबी अपने वादों से।


गुज़ारा कर लिया हर दिन सपन की पालकी में ही

नहीं परचम न तकरीरें न नारे मिटते यादों से।


दिये ने रात को काटा तनिक भर तो उजाला हो

हुआ संग्राम पहरों तक अंधेरे की मुरादों से।


सुना है उनकी सीमा है फ़क़त सालों महीनों तक

मगर वादे नहीं बांधे कभी उसने मियादों से।


बनाई बाँसुरी शाखों व पत्तों ने मोहब्बत की

दरख़्तों ने बगावत की तूफानों के इरादों से।


-प्रदीप सेठ सलिल