प्यार परस्पर तेरा मेरा
बंधन का सुख, आँगन ठहरा।
करवा चौथ ने डाला फेरा।
चाँद चौथ का डाले फेरा
सजन नही वो कुछ भी मेरा,
तुम्हीं चाँदनी चाँद हो मेरा,
तुम्हें समर्पित जीवन मेरा।
भाल तिलक गरिमा घर की तुम,
तु्म्हीं दीप हो दीप शिखा तुम,
मैं पुस्तक परिचय तुम मेरा,
तुम्हीं शब्द तुम जीवन मेरा।
तुम पूरब मैं हूँ पुरवाई
तुम दर्पण तुम ही परछाईं,
मैं बंधन तुम सूत्र हो मेरा
मैं सीपी तुम जीवन मेरा।
अपने सम्बंधों की भाषा
स्नेह समर्पण संचित आशा,
स्वप्न सत्य सब तेरा मेरा,
मन अंकुर तुम जीवन मेरा।
तुम गीतों ग़ज़लों की काया,
शिल्प,भाव ने तुम्हें सजाया
तुम्हीं गीत तुम काव्य हो मेरा,
भाव तुम्हीं तुम जीवन मेरा।
-प्रदीप सेठ सलिल
