बाल गीत-पक्षी---सुबह सुबह घर के आँगन में चिड़िया...

××××××××××


डाल डाल पर कूद-कूद कर चिड़िया गीत सुनाती,

सुबह सुबह घर के आँगन में मुझे जगाने आती।


पूरब के सिंदूरी सूरज का स्वागत करती यह

सखियों के संग खेल खेल कर प्रेम सुधा बरसाती,


छत्त पर गुटर गुटर करता ये कानों में रस भरता

मटक मटक कर चले कबूतर हम सबका मन हरता,


दाना चुगकर इधर उधर से छज्जे पर जा बैठे

धूप छांव के झूले में ये दिनभर झूला करता,


लाल चोंच और हरे पंख में सजकर तोता आया

कभी कभी एक काली टाई पहने उड़कर आया,


हरी मिर्च अमरूद आम की दावत इसको भाती

मिठ्ठू मिट्ठू बोल रहा ये किसने इसे पढ़ाया,


लो छुट्टी में नानी के घर मोर नाचता देखा

हरे बैंगनी नीले लम्बे पंखों वाला देखा,


सिर पर ताज सजाए हरदम ये अठखेली करता

ह्रदय खुशी से झूम उठा जब राष्ट्र-परिंदा देखा।


--प्रदीप सेठ सलिल