'बद्तमीज़ हो गई ये उन्नति'


दर्द की किताब लिख रहे सभी

सपनीली भावना कुरेद कर,

अटपटी सी हो रही है ज़िन्दगी

अनचही व्यथा सदा सहेज कर।


व्यर्थ देखना समय की चाल-ढाल,

यातना की दलदली जमीन पर,

प्रश्न, तोड़ते समय का स्वाभिमान,

भूख नग्नता रुदन समेट कर।


बद्तमीज़ हो गई ये उन्नति,

सम्पदा से साथ कर रही लगन,

अभाव डस रहे विकास की उमर,

मनुष्यता का आवरण लपेट कर।


हर गली चौपाल मोड़-मोड़ पर,

उदास चल रहे व्यथा के पोस्टर-

विज्ञापनों की भीड़ में अलग-थलग,

उभर रहे 'समय' अभेद भेद कर।


कागजों में फूल हैं अनाज है,

क़ागज़ों में छत्त है दीवार पर,

अपने द्वार टांगते वो चाँदनी,

इनके आसमान को कुरेद कर।


-प्रदीप सेठ सलिल