'किसी मौन आहट ने छेड़ दिए तार'



अनजाने दूर हुआ भय का तूषार,

किसी मौन आहट ने छेड़ दिए तार,

जान गया मन का यह चोर भयभीत,

मेरा एकाकीपन मुझपे निसार।



अंतस के मन्दिर में शंखों के स्वर

मोहक स्मृतियों से आये इधर

आरती की गूंज में प्रीत का श्रंगार

स्नेहसिक्त बंधन है स्नेहिल संचार।

मेरा एकाकीपन मुझपर निसार।


सांसों के सूत्र किए जीवन को क़ैद,

व्यथित उमर रोई रात-रात बैठ,

बूढ़ी हंसी नित गाए कोई गीत,

पीड़ा को भाये यह मन का सितार,

मेरा एकाकीपन मुझपे निसार।


उड़ता रहा विहग दूर दूर दूर,

पाया न मीत, मन खग को सुदूर,

चुपचाप लौट आया अपनी मुंडेर,

असीम सिन्धु में पाया कगार,

मेरा एकाकीपन मुझपे निसार।


कल्पित विचारों से बांधी उम्मीद,

मनचाही बात कोई तोड़ गई नींद,

मेरी ही तुष्टी मुझे भाती है आज,

अपने ही स्वप्न दिए मैंने संवार,

मेरा एकाकीपन मुझपे निसार।

--प्रदीप सेठ सलिल